भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

काम्य / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
198.190.230.62 (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 00:07, 29 अगस्त 2008 का अवतरण (New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महेन्द्र भटनागर |संग्रह= विहान / महेन्द्र भटनागर }} <poem> ओ...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


ओ मेरे मन ! तुम आकांक्षाओं के भंडार बनो,
नव-नव स्वस्थमना इच्छाओं के रे आगार बनो !

जीवन में प्रतिपल मादकता हो, गति हो, सिहरन हो,
अंतर में जीने का नव-उत्साह भरा कंपन हो !

रुद्ध अचेतन कुण्ठित हो न कभी भावों की सरिता,
प्राणों की वेगवती बहती जाये जीवित कविता !

अनुभव हो न कभी जीवन में हृदय शिथिल होने का,
अवसर आये न कभी असमय संयम-बल खोने का !

भाग्य अधीन नहीं हो किंचित विस्तृत भावी का पथ
संघर्षों में ही बढ़े अथक प्रतिपल जीवन का रथ!
1944