भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कुली / उत्तिमा केशरी

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:24, 6 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=उत्तिमा केशरी |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

रेलगाड़ी के रुकते ही
खड़े हो जाते हैं कुली
मानो ! कर रहे हों अभिवादन
यात्रियों का।

सभी कुली आजमाते हैं —
अपना-अपना भाग्य।
कोई, अपना सामान उठवाते हैं
तो कोई स्वयं ही पीठ पर लाद
चल देते हैं।

कुली दूर तक पीछा करते हैं,
उन यात्रियों का
और हर क्षण घटाते है
अपनी मज़दूरी की दर
बाबू ! दस के बदले पाँच दे देना
पाँच न सही दो दे देना !
पर, यात्री नहीं देखते मुड़कर
एक बार भी उन कुलियों को।

कुली कुछ दूर आगे बढ़ते हैं
वे मन से हारते नहीं हैं,
रहते हैं चुनौती के साथ
पुनः अगली ट्रेन की प्रतीक्षा करते हुए।