भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

गीत कोई गुनगुनाना / शुभम श्रीवास्तव ओम

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

शब्द थोड़े और चुनकर
गीत कोई गुनगुनाना,
सीखता है एक लड़का
जिस तरह से चहचहाना।

चोंच-पंजे, पंख-तिनके
फूल-ख़ुशबू और काँटे
रेशमी खुलती कढ़ाई
झनझनाते हुए चाँटे

याद करना इक छुअन को
मौन जीकर मुस्कुराना।

धूप, कोई देह-छाया
मौसमों के रंग गहरे
ताजगी लिखती किरन के
कुछ लिफाफे़ और ठहरे

आँख पर चुपके हथेली
कान में कुछ फुसफुसाना।
हर तरफ़ छाया हुआ जब
एक-सा मौसम जिरह का
है चुनौती इस समय अब
गीत लिखना उस तरह का

सीखता है एक लड़का
जिस तरह ‘कैंची चलाना‘।