भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

गीत लिक्खूं / नचिकेता

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

भोर की पहली किरण के गीत लिखूँ
रोशनी के बांकपन के गीत लिखूँ

कली की पहली
चटक के गीत लिखूँ
नर्म टहनी की लचक के
गीत लिखूँ
जले चूल्हे की अगन के गीत लिखूँ

गीत लिखूँ
फसल की अंगड़ाईयों के
फूल की बजती हुई
शहनाइयों के
समय के सच्चे सृजन के गीत लिखूँ

गीत लिखूँ
स्वप्न के, उम्मीद के मैं
गीत होली-दिवाली के
ईद के मैं
राह पर बढ़ते चरण के गीत लिखूँ

गीत लिखूँ
प्यार के, संघर्ष के भी
आदमी की यातना के
हर्ष के भी
नये कल के आगमन के गीत लिखूँ