भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

जल / भास्कर चौधुरी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

रोबोट खोज रहे हैं
मंगल की गहराइयों में जल
और यहाँ धरती पर
उतर रही हैं स्त्रियाँ
कुओं की तलहटी में
स्त्रियाँ घड़े और
खाना पकाने वाले बरतनों में
एकत्र कर रही हैं
बूंद-बूंद जल …
शायद
मनुष्य की महानता का चरम हो
 मंगल पर जल की खोज
और इधर धरती पर
जल खोजती स्त्रियों में
मनुष्य को मिल जाए
स्त्रियों की महानता के सबूत!!