भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

ठीक सत्र से पहले / नईम

Kavita Kosh से
Hemendrakumarrai (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:57, 8 सितम्बर 2010 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नईम |संग्रह=पहला दिन मेरे आषाढ़ का }} {{KKCatNavgeet}} <poem> ठी…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


ठीक सत्र से पहले मौसम,
अध्यादेश निकाल रहा है।
          क्रूर काल तानाशाह-सा
          पीठें देकर परम्परा को,
          किरणों की धारा-दर-धारा
          फाँस रहा है वसुंधरा को;
कीचड़ भरे कुएँ प्यासों के
शासक सूर्य खँगाल रहा है।
          ये चिंदी चिंदी-से बादल
          खेल रहे हैं आँखमिचौनी,
          छाया मँहगी हुई धूप से,
          तन से चिपटी उमस घिनौनी;
फरियादी धरती का क़ातिल
यह आकाश बहाल रहा है।
          निर्वृक्षी डूँगर पठार के
          भ्रष्ट तांत्रिक-से अचेत हैं।
          अग्नि स्वजन की देकर लौटे
          पुरजन, परिजन रहे खेत हैं;
अंधे बहुमत-सा अषाढ़ ये
मद-आवेश निकाल रहा है।
          ठीक सत्र से पहले मौसम,
         अध्यादेश निकाल रहा है।
सूरज जैसा कामदार, पर
काम न आई किरन-बुहारू,
          महामारियों की चपेट में
          दिल्ली हो या गाँव लुहारू;
कैसे मानूँ अंधकार में
यह नेतृत्व मशाल रहा है!
          ठीक सत्र से पहले मौसम,
          अध्यादेश निकाल रहा है।