भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

धरती पर कवि (एक) / कुमार कृष्ण

Kavita Kosh से
Firstbot (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:47, 22 फ़रवरी 2023 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार कृष्ण |अनुवादक= |संग्रह=धरत...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

धरती पर कवि-
तितली को फूल
फूल को तितली में बदलता है
धरती पर कवि-
ईंट को घर, घर को बाँसुरी बनाता है
धरती पर कवि-
बहती हुई नदी पर आग का घर बनाता है
धरती पर कवि-
लोहा बीज कर सपने उगाता है
वह छोटे से काग़ज़ पर
बहुत बड़ी दुनिया बसाता है
वह सिखाता है-
डिब्बे में चाँद को बंद करने का मंत्र
धरती पर कवि-
शब्दों का गोगियापाशा है
धरती पर कवि-
रोटी को बैल, बैल को रोटी लिखता है
वह लिखना चाहता है-
धरती जितनी बड़ी कविता
धरती पर कवि-
ता उम्र सिलता है दुःख के लिए तरह-तरह के कपड़े
बनाता है रंग-बिरंगी छतरियाँ
उसकी कोई दिलचस्पी नहीं मंगल ग्रह में
वह इसी धरती पर लेना चाहता है जन्म फिर से
लिख सके राजा का इतिहास
उसका भूत-वर्तमान
तय कर सकें लोग अपना भविष्य
धरती पर कवि-
एक बार फिर से लिखना चाहता है-
धरती की नयी वर्णमाला।