भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

शीत-गीत / सुरेन्द्र सुकुमार

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 01:41, 24 फ़रवरी 2024 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुरेन्द्र सुकुमार |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सिहर गए गाँव शहर
काँपतीं दिशाएँ
आवारा घूम रहीं
शीत कन्याएँ

बेखटके छेड़ रही
चुलबुली हवा
चुटकी भर धूप ही
दर्द की दवा
पीपल के पातों के
दाँत किटकिटाएँ

शीत कन्याएँ

आलपिनें चुभो रही
नटखटिया साँझ
किरन किरन सूरज की
लगती है बाँझ
पोरों पे महीनों को
गिनती इच्छाएँ

शीत कन्याएँ