भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सबने उजला तन देखा है / हरिराज सिंह 'नूर'

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:35, 24 अप्रैल 2020 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सबने उजला तन देखा है।
किसने, किसका मन देखा है?

किसको आई प्रीत निभानी?
सारा जग निर्धन देखा है।

कब तुमने आँसू टपका कर,
रोते नील गगन देखा है?

चितवन की भाषा जो जाने,
ऐसा अपनापन देखा है।

गुल तुमने हर रोज़ खिलाए,
हमने बस गुलशन देखा है।

नाच उठी थी ‘राधा’ जिसमें,
किसने वो मधुवन देखा है?

जो न किसी का दोष दिखाए,
हमने वो दरपन देखा है।

बिन बरसे ही बीत गया जो,
मैंने वो सावन देखा है।

उन आँखों में डुबकी लेकर,
उनका गहरापन देखा है।

पहचाने जो पीर पराई,
कब वो अपनापन देखा है।

‘नूर’ नहाया गंगा में जो,
पापी भी पावन देखा है।