भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सब है फ़ानी यहाँ संसार में किसका क्या है / अजय सहाब

Kavita Kosh से
Abhishek Amber (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:54, 5 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अजय सहाब |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGhazal}}...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सब है फ़ानी यहाँ संसार में किसका क्या है
फ़िक्र फिर भी है तुझे अपना पराया क्या है ?

ज़िन्दगी खुद पे तू इतना भी गुमां मत करना
चन्द साँसों के सिवा तेरा असासा क्या है ?

आपका पहला ही अंदाज़ बता देता है
आपको आपके वालिद ने सिखाया क्या है ?

फिर से इक और लड़ाई के बहाने के सिवा
तुम बता दो कि किसी जंग से मिलता क्या है?

उम्र भर कुछ न किया जिसकी तमन्ना के सिवा
उसने पूछा भी नहीं मेरी तमन्ना क्या है?

इश्क़ इक ऐसा जुआ है जहाँ सब कुछ खोकर
आप ये जान भी पाते नहीं खोया क्या है?

कुछ ग़रीबों की गली में भी दिये जल जायें
इस से बेहतर भी दीवाली का उजाला क्या है ?

वही भूके ,वही आहें वही आँसू हैं सहाब
शह्र का नाम बदल जाने से बदला क्या है ?