भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

स्वातंत्र्योत्तर भारत / शलभ श्रीराम सिंह

Kavita Kosh से
गंगाराम (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:13, 5 दिसम्बर 2008 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शलभ श्रीराम सिंह |संग्रह= }} <Poem> बादल तो आ गए पानी ...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बादल तो आ गए
पानी बरसा गए
लेकिन यह क्या हुआ? धानों के--
खिले हुए मुखड़े मुरझा गए!

हवा चली--शाखों से अनगिन पत्ते बिछुड़े!
बैठे बगुले उड़े।
लेकिन यह क्या हुआ? पोखर तीरे आकर--
डैने छितरा गए!
बादल तो आ गए...!

दूब हुलस कर विहँसी--जलने के दिन गए!
सूरज की आँख बचा--ईंट की ओट में
निकलने के दिन गए!
लेकिन यह क्या हुआ? पानी को छूते ही
अँखुए पियरा गए...!

निरवहिनों ने समझा--गीतों के दिन हुए!
पेंगों के पल हुए--कजरी के छिन हुए!
लेकिन यह क्या हुआ? आपस में
सब के सब झूले टकरा गए!
बादल तो आ गए...।