भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अब छत पर बिस्तर नहीं लगते / भावना सक्सैना

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:02, 8 अगस्त 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=भावना सक्सैना |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बरसों बीत गए
चाँदनी में नहाए हुए
अब तो छत पर
बिस्तर नहीं लगते।

रिमोट, प्लेस्टेशन...
हाथ हुए जबसे
दादा कि कहानियाँ
भटक गईं रस्ते।

साँझ को मिलता नहीं
कोई चौबारों पर
आप ही आप
कट गए रस्ते।

बैठे हैं चुपचाप एयरकंडिशनर में
भूल गए गर्मी की मस्ती
और खेल में काटे
दिन हँसते हँसते।

वो गिट्टियाँ...
अक्कड़-बक्कड़
साँप-सीढ़ी, कैरम,
कँचों के मासूम से खेल।

बेकार कपड़ों से बनी गुड़ियाँ
मरी परंपराओं की तरह
बस मिलती हैं
म्यूजियम में।

दादी भी हाइटैक...
ला देती हैं बार्बी,
दादा के खिलौने
रिमोट से चलते।

हाल दिल के
दिलों में रहते हैं
औपचारिकताओं के हैं
नाते-रिश्ते।

आधी रात तक
बतियाता नहीं कोई
क्योंकि छत पर तो
अब बिस्तर नहीं लगते।