भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मौनालाप / सियाराम शरण गुप्त

Kavita Kosh से
Rajeevnhpc102 (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 07:52, 5 नवम्बर 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सियाराम शरण गुप्त |संग्रह= }} {{KKCatKavita‎}}<poem>इसी कक्ष म…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

इसी कक्ष में, यही लेखनी ले कर इसी प्रकार
बैठा मैं कविता लिखने को जाने कितनी बार।
यहीं इसी पाषाण पट्ट पर, खोल हृदय के द्वार
खेली मेरी काव्य कल्पना निर्भय, निर्लंकार।

मेरी काव्यकल्पना ही-सी धीरे से चुपचाप,
जब-तब तू अज्ञात भाव से आकर अपने आप,
पीछे खडी हुई कुछ क्षण तक, रह नीरव निस्पंद,
हँस पड़ती थी पकड़ चोर सा खिल खिल कर सानंद।

पीछे मुड़कर, तुझे देख कर, देखूँ फिर इस ओर
छिप जाता था हृदय गुहा में कहीं मानषी-चोर!
उसी तरह इस उसी ठौर फिर बैठा हूँ मैं आज
कौन देखता है यह, क्या क्या बदल गये हैं साज।

आ न सकेगी किंतु आज तू उसी भाँति साह्लाद,
लिखने मुझे नहीं देती बस, आ कर तेरी याद।
तो फिर उस तेरी स्मृति से ही करके मौनालाप,
आज और कुछ नहीं लिखूंगा रुक कर अपने आप।