भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

रातों को यह नींद उड़ाती तनहाई / प्रेमचंद सहजवाला

Kavita Kosh से
आशिष पुरोहित (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:23, 21 नवम्बर 2011 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रेमचंद सहजवाला }} {{KKCatGhazal}} <poem> रातों ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


रातों को यह नींद उड़ाती तनहाई
टुकड़ा टुकड़ा वक़्त चबाती तनहाई
 
यादों की फेहरिस्त बनाती तनहाई
बीते दुःख को फिर सहलाती तनहाई

रात के पहले पहर में आती तनहाई
सुबह का अंतिम पहर मिलाती तनहाई

सन्नाटा रह रह कुत्ते सा भौंक रहा
शब पर अपने दांत गड़ाती तनहाई

यादों के बादल टप टप टप बरस रहे
अश्कों को आँचल से सुखाती तनहाई

खुद से हँसना खुद से रोना बतियाना
सुन सुन अपने सर को हिलाती तनहाई
 
 
जीवन भर का लेखा जोखा पल भर में
रिश्तों की तारीख बताती तनहाई

सोचों के इस लम्बे सफ़र में रह रह कर
करवट करवट मन बहलाती तनहाई