भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सुधि / महादेवी वर्मा

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:50, 5 नवम्बर 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महादेवी वर्मा |संग्रह=रश्मि / महादेवी वर्मा }} {{KKCat…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

किस सुधिवसन्त का सुमनतीर,
कर गया मुग्ध मानस अधीर?

वेदना गगन से रजतओस,
चू चू भरती मन-कंज-कोष,
अलि सी मंडराती विरह-पीर!

मंजरित नवल मृदु देहडाल,
खिल खिल उठता नव पुलकजाल,
मधु-कन सा छलका नयन-नीर!

अधरों से झरता स्मितपराग,
प्राणों में गूँजा नेह-राग,
सुख का बहता मलयज समीर!

घुल घुल जाता यह हिमदुराव,
गा गा उठते चिर मूक भाव,
अलि सिहर सिहर उठता शरीर!