भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सूरज हुआ है पस्त ये मौसम तो देखिए / 'सज्जन' धर्मेन्द्र

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:11, 24 फ़रवरी 2024 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सूरज हुआ है पस्त ये मौसम तो देखिए।
बादल हुए हैं मस्त ये मौसम तो देखिए।

काग़ज़ गया है फूल सियाही बिखर गई,
निब की हुई शिकस्त ये मौसम तो देखिए।

सूरज नहीं दिखा तो घने बादलों को सब,
जोड़े हैं आज हस्त ये मौसम तो देखिए।

गंगा की शुद्धता हो या मिट्टी का ठोसपन,
सब हो गए हैं ध्वस्त ये मौसम तो देखिए।

यूँ बादलों से हो गई जुगनू की साठ-गाँठ,
तारे हुए हैं अस्त ये मौसम तो देखिए।