भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अन्तर्दाह / पृष्ठ 25 / रामेश्वर नाथ मिश्र 'अनुरोध'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


क्यों प्राण - पखेरू अब तक
उर - पिंजर में सोया है ?
यह निकल नहीं क्यों जाता
किस माया में खोया है ? ।।१२१।।

इस वितत विश्व - दर्पण में
देखा वह रूप सलोना
देखा जगती में करते
उसका वह जादू- टोना।।१२२।।

देखा था अरुण प्रभा में
उसके चरणों की लाली
देखा था निविड़ निशा में
कुंचित केशों की काली ।।१२३।।।

देखा था उसको नभ निभ
हिम-बिन्दु प्रेम बरसाते
पाया था कुमुद विपिन में
उसको चंद्रिका लुटाते ।।१२४।।

उसकी कोमल करुणा को
देखा चहुँदिशि बिखरी - सी
निष्कलुष हृदय की ममता
शशि किरणों में निखरी - सी ।।१२५।।