भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आँखों से अलख जगाने को / जयशंकर प्रसाद

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


आँखों से अलख जगाने को,
             यह आज भैरवी आई है .
उषा-सी आँखों में कितनी,
             मादकता भरी ललाई है .
कहता दिगन्त से मलय पवन
             प्राची की लाज भरी चितवन-
है रात घूम आई मधुबन ,
             यह आलस की अंगराई है .
लहरों में यह क्रीड़ा-चंचल,
             सागर का उद्वेलित अंचल .
है पोंछ रहा आँखें छलछल,
             किसने यह चोट लगाई है ?