भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

ऐ लड़की / महेंद्र नेह

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ऐ लड़की !
ऐ लड़की !
तू प्यार के धोखे में मत आ

ऐ लड़की !
तू जिसे प्यार समझे बैठी है
वह और कुछ है
प्यार के सिवा

ऐ लड़की !
तूने अपने पाँव नहीं देखे
तूने अपनी बाँहें नहीं देखीं
तूने मौसम भी तो नहीं देखा

ऐ लड़की !
तू प्यार कैसे करेगी?
ऐ लड़की !
तू अपने पाँवों में बिजलियाँ पैदा कर
ऐ लड़की !
तू अपनी बाँहों में पँख उगा
ऐ लड़की !
तू मौसम को बदलने के बारे में सोच
ऐ लड़की !
तू प्यार के धोखे में मत आ ।