भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

ख़ुशियों का डाकिया / राधेश्याम बन्धु

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ओ बयार मधुऋतु वाली
 झुग्गी में भी आना,
     शहर गए भैया बसन्त
          की चिठठी भी लाना

      महानगर मे हवा बसन्ती
 भी आ बहक गई,
 कैक्टस की बेरुखी देख
 बेला भी सहम गई,
     मुरझाए छोटू कनेर की
            प्यास बुझा जाना ।
 
       गांवों की फुलमतिया
 कोठी की सेवा करती,
 सुरसतिया भी अब किताब
 तज पोंछा है करती,
     मुनिया की बचपन बगिया भी
          आकर महकाना ।

       खड़ा मजूरी की लाइन में
 यौवन अकुलाता,
 ख़ुशियों का डाकिया नहीं क्यों
 होरी घर आता?
      दादी के टूटे चश्मे का
             ख़त भी पहुँचाना ।

 ओ बयार मधुऋतु वाली
       झुग्गी में भी आना ।