भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

चतुर्थ सर्ग / रामेश्वर नाथ मिश्र 'अनुरोध'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बाण प्रहार कर
चिन्तित हुए श्री राम
यह क्या है?
क्यों हुआ ऐसा?
कैसी व्यवस्था यह?
कैसा प्रशासन यह?
कैसा यह तन्त्र है?

नित्य ही होता
बलात्कार वधुओं पर,
होता है अपमान
राह चलती सतियों का,
उनके स्वजनों-स्वामियों की
उपस्थिति में भी
होता है शील हरण
श्तिशालियों द्वारा
सत्ताधीशों द्वारा
उच्च्प्दास्थों, कुलीनों, धनियों द्वारा
खुले आम,
बिना भय
कैसा यह शासन है?

यह तो आतंक है,
कलंक मानवता का।
ऐसे आतंक में
जीना क्या संभव है?

नारी-देह के भूखे
भयानक नर-भेड़ियों की
कमी नहीं है आज
अपने समाज में,
मुक्त यौनाचारियों की
अपसंस्कृति घटाटोप
छाई है व्योम में,
दिगन्त में-दिग्मंडल में।

आज बच्चियाँ तक
छेड़ी जातीं,
छोड़ी नहीं जातीं
संतानवती प्रौढ़ाएँ,
नवोढ़ाएँ,
वृद्धाएँ
सब की सब
पतित कामी पुरुषों की
वासना का लक्ष्य हैं।

कैसा अन्याय है यह?

कैसा अपमान है यह
प्रकृतिस्वरूपा आद्याशक्ति नारी का?

नारी का अपमान
घातक है, घातक है।
नारी के अपमान से
किसी भी राष्ट्र का
उत्थान नहीं हो सकता,
डूब जाता है शीघ्र
नारी उत्पीड़क समाज,
सम्पूर्ण देश होता है
शीघ्र पतित, शीघ्र खण्डित।
गौरव-सम्मान रहित,
होता विदेश-विजित।
नारी का अपमान,
बलात्कार, उत्पीड़न
घोर अन्याय है,
घातक उद्दण्डता है।
किसी भी कीमत पर
उद्दण्डता है दण्डनीय
अपरिहार्य दण्डनीय।

किन्तु आज दण्डनीय
दण्ड कहाँ पता है?
उसी के हाथ में
सत्ता है, शक्ति है-
शासन-प्रशासन है-
उसके ही समर्थक हैं
अंधभक्त संख्यातीत,
उसकी प्रशस्तियों से
भरे हैं सब शास्त्र, ग्रन्थ;
निति निर्धारक वह,
नियम-विस्तारक वह,
धर्मोपदेशक वह,
सब कुछ वही है आज
सब कुछ वही है आज
सब कुछ वही है।

अप्रतिम त्याग-वृत्ति-संयम-सम्पन्न
जिन पूर्वजों ने रचा कभी
सुंदर समाज
शुभ संस्कृति महान दिव्य
सभ्यता सदा वरेण्य
क्या उसको-
मानव प्रजाति के
सर्वोत्तम, बहुमूल्य
प्रेमोपहार को-
नष्ट कर देंगें ये
उद्दण्ड स्वैराचारी?

कैसी विडम्बना है?
सम्प्रति समाज के
नेता पथ भ्रष्ट हैं,
सत्ता कि बागडोर
भ्रष्टाचारियों के हाथ है।

हाय भारतवर्ष में
भरतों की भूमि में
शत्रु-दल-बल-मर्दन,
हीनों के अपवारक,
हिमगिरी से इन्दुसर
मध्य अतिशय पवित्र
आर्यों के देश में-
होता है बलात्कार!
पुष्पित है भ्रष्टाचार!
प्रसरित नपुंसकता?

मानवाधिकार यह?

नहीं कोई प्रतिरोधक
विरोधी, प्रज्वलित वीर?

कैसा दुर्भाग्य है?

आह! यह भरत-भूमि
श्रेष्ठ पुरुषों की भूमि
युद्ध-विस्तारक, रणंजय, स्वनाम धन्य
नर-रत्नों की भूमि
शत-शत लघु खण्डों में
राज्यों-उपराज्यों में
कटी-छँटी, बँटी हुई,

संकीर्ण राष्ट्रीयता कि
खण्डित राष्ट्र चेतना की
भूमि बन कलथ रही
रक्त-क्लांत
लुंज-पुंज।
देश जब बँटता है
अगणित लघु राज्यों में
राष्ट्रीयता सिमटती है;
अपाहिज होता है
जातीय-स्वाभिमान
भुवन-भास्वर शौर्य;
तिरोहित होता है अपना
उज्जवल अतीत,
इतिहास चेतन भी
शीघ्र नष्ट होती है,
बढ़ता है आकर्षण
विदेशी संस्कृतियों के प्रति,
बन जाती विकृति ही
संस्कृति-जीवन-पद्धति,
भ्रष्टाचार बनता है जीवन-मूल्य
अनैतिकता आदर्श।

चारो ओर घोरतम गरीबी का राज्य आज,
भयंकर अशिक्षा का फैला है अन्धकार
आधि-व्याधि-ग्रस्त, त्रस्त-स्रस्त, अस्त-व्यस्त देश।

चारो ओर सर्वभक्षी
फैला है भ्रष्टाचार,
व्ही बनता जा रहा
जीवन-मूल्य
जीवन-दर्शन,
नैतिकता का मानदण्ड।

कैसे होगा उद्धार?
कैसे होगा कल्याण
सर्वसाधारण मानव का?
शिशु-सा अबोध वह
भ्रान्त, चेतना-विहीन।
स्व-संस्कृति है मरणासन्न,
धर्म शक्तिहीन,
धर्म हीनता प्रबल है।

कैसे होगा उद्धार?
कैसे होगा कल्याण?

अंकुश लगाना होगा
निरंकुश ऐरावतों को,
दिग्गजों के तोड़ने
होंगे कठोर दन्त।
वश में करना होगा
विवश कर पथभ्रष्टों को,
शीर्षस्थ पदों पर बैठे
मदान्ध अधिकारियों को,
अन्यथा सबकुछ समाप्त हो जायेगा,
सब कुछ समाप्त हो जायेगा,
सब कुछ ।

खुलेआम जिन पर
लग रहे हैं आरोप
सिद्ध भी हैं हो चुके
अब भी हैं वे ही सत्ताधारी,
पूज्य, सर्वमान्य, धन्य।
उनके बिना आज
धार्मिक आयोजन तक,
सांस्कृतिक समारोह सभी
अधूरे मन जाते,
लोकमान्य विद्वतजन
कवि-कोविद-कलावन्त
ऐसे पथभ्रष्टों के हाथों से
प्राप्त कर पुरस्कार
पशस्ति-लेख-मुद्राएँ
उपाधियाँ-प्रमाण-पत्र
मानते स्वयं को धन्य
और कृतकार्य भी।

बदलते जीवन-मूल्यों का
कैसा परिणाम यह?

ध्वस्त करना होगा
इस विकृति
अपसंस्कृति को
उसकी अवैध संतति
भ्रष्ट आचार को,
अनर्गल, अन्याय को।

स्वैराचारी राजपुरुष
शासकों-प्रशासकों को
सदाचार, शक्ति और सुन्दर चरित्र से
करना होगा ठीक,
लाना सन्मार्ग पर।
लानी होगी पुनः
उत्कृष्ट शिष्ट संस्कृति,
सभ्यता समाज में।

जागरण आवश्यक
सीमान्त जन-वर्ग का।

समस्त समुदाय को
शिक्षित सुसंगठित कर,
संकीर्णताओं से
तुच्छ निहित स्वार्थों से
पूर्णतया मुक्त कर
लाना है श्रेष्ठ राज,
श्रेष्ठ अनुशासन
सुशासन-प्रशासन जहाँ
सभी जन निर्भय हों,
सभी जन निर्भय हों,
हो समान,
होवें स्वकर्म-निरत,
विरत अधर्म से;
देश-माता के लिए
स्वजीवन-अर्पणकर्ता,
कर्मठ-कुशल-शिल्पी,
विद्वान, मानवता-पोषक,
त्यागी-निरोग-योग्य।
विकसित हों जिससे
वाणिज्य-उद्योग कई,
धंधे अनेक अन्य,
किन्तु दृष्टि उनकी हो
लोकोपकार पर
मानव उत्कर्ष पर।

दुर्जन के सम्मुख
सिर झुका लेने से
बंद नहीं करता वह
अत्याचार-दुराचार।
जब तक उसका न होगा प्रतिकार
डटकर भरी विरोध,
शांति नहीं हो सकती।

अत्याचार का सामना
साहसपूर्वक
करना होगा निश्चय
यही है वर्तमान धर्म
देश-धर्म
समाज-धर्म
यही है व्यक्ति-धर्म
मानवता, श्रेय, प्रेय।

नारी अरक्षित यदि
जीवन ही व्यर्थ है।

नारी के शोषण में
कोई नहीं पीछे
देव-दानव-मानव-राक्षस
सबने किया उस पर
असहनीय अत्याचार
बनाया सभी ने उसे
भोग्या-विलास-वस्तु
सुरा-सहयोगिनी सुन्दरी मदालसा,
उर्वशी, धृताची, रंभा, मेनका,
तिलोत्तमा, सहजन्या,
विप्रचित्ति आदि-आदि।

नारी क्या है केवल भोग-वस्तु?
केवल रूपाजीवा?
नहीं वह माँ है
बहन, बेटी, भार्या?

घृण्य, यह परम घृण्य
भोगवृत्ति का विचार
यह रीति-नीति
यह परम्परा सुदीर्घ,
एकदम असंगत है,
कलंक सभ्यता के नाम।

धिक् धिक् परदारारत्यर्थी!
धिक् धिक् कामवासना अदम्य!

नारी! निमित्त बनो
तुम्हीं युग परिवर्तन का।

नारी! ओ नारी!
पुरुष की आत्मा!
पति की सम्पूर्णता
तुम में निहित है,
ओ जननी, जाया, दयिता, भार्या!
ओ प्रभामय प्रातः प्रत्यूषा!
किरण ओ रक्तक्षीरा!
तुम्हीं बनो निमित्त
युग-परिवर्तन का।

याद है मुझे अभी तक
अभिशप्ता पति-त्यक्ता
ऋषिपत्नी पतिव्रता
अहल्या का म्लान मुख
चिर तिरस्कार दग्ध।
नहीं, अब और नहीं
बनने दूँगा मैं
अह्ल्याएँ-अरजाएँ
आर्यों के देश में,
होंगी अब ललनाएँ भीति-मुक्त
निःशंक विचरण करेगीं वे
यत्र-तत्र-सर्वत्र।

कराना होगा नारी को
उसकी महानता का बोध,
जगाना होगा उसका आत्मबल,
आत्म-विश्वास;
बदलना होगा पुरुष को
स्वभाव, अपना ह्रदय,
अपना दृष्टिकोण।
नारी के प्रति,
न्य मानव बन
पुनर्जन्म लेना होगा।

सीता का अपमान
अपमान नारी जाति का है,
अपमान रघुवंश का,
अपमान स्वयं राम का है।

लहलहाती केसर की क्यारी-सी सीता की
देहयष्टि-अंग-कांति
मेरे अतिरिक्त कोई
अन्य स्पर्श करे,
संभव नहीं है
यह संभव नहीं है।

सीता मेरी परिणीता
उस पर कुदृष्टि
वह भी मेरी उपस्थिति में-
धनुर्धर दाशरथि राम की उपस्थिति में?

पिताश्री की मृत्यु भी
उतना दुखदायी नहीं,
नहीं यह वनवास,
राज्य-सत्ता से च्युत होना,
जितना स्वर्गंगा-सी तन्वंगी सीता का
क्षत-विक्षत होना।
इसे नहीं सह सकता,
सहना नपुंसकता है
ऐसे स्थानों पर पापपूर्ण कायरता है।

स्वयं आरोपित मेरा यह निर्वासन,
मेरा जीवन-दर्शन,
मेरा उर्जस्वित विश्वास,
मेरा अपराजेय पौरुष
तोड़कर रख देगा
शिलाभूत कायरता;
कामुकता काई-सी फैली, फट जाएगी,
गुनगुनी उदासी
वंध्या है, वंध्या है।
उठो राम, उठो राम
नूतन संकल्प ले
स्थापित करो फिर से
नूतन जीवन-मूल्य,
नूतन विचार-दृष्टि,
नूतन व्यवस्था,
नूतन आदर्श
नूतन राज
रामराज रामराज रामराज
रा...म...रा...ज।