भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

नव-जीवन / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


गा रहा मधु-गान निर्झर !

आज सरि की हर लहर में नृत्य की गति-लय मनोहर,
सृष्टि की आभा नयी बन निखरती जाती निरन्तर,
गा रहा मन गीत सुन्दर
भावनाओं से हृदय भर
कल्पनाओं से हृदय भर !

दे रहा वरदान कण-कण !
वेदना-दुख को मिटाकर स्वर्ण का संसार आया,
विश्व के दुर्बल हृदय में शक्ति का सागर समाया,
गूँजता स्वर नभ-अवनि में
आज आया मुक्त-जीवन
आज भाया मुक्त-जीवन !
1944