भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पनघट चुप खड़े रहे / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पानी में आग लगी
     पनघट चुप खड़े रहे
              बालू में गड़े रहे
 
लपटों में घूम-घूम
मछली के पाँव जले
झुलसी चट्टानों को
राख मिली नाव-तले
 
अँधियारी घाटी में
     सीपी-दिन पड़े रहे
              बालू में गड़े रहे
 
बगुलों की टोली ने
सारे जल नाप लिये
धुंध-घिरी लहरों को
पंखों से ढाँप लिये
 
मूँगे के टापू पर
      लंगर बन अड़े रहे
             बालू में गड़े रहे