भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पुरवाई के ताने / नईम

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पुरवाई के ताने पछुआ के बानों से,
फिर कबीर मौसम ने बीनी
हरी चदरिया झीनी-झीनी।
          धरा गगन के शून्य महल में बजती मादल,
          अनगढ़ राग अलापे संतो बैहर बादल!
          नामदेव की तानें, पीपा के गानों से,
          फिर कबीर जुलहा ने बीनी
          हरी चदरिया झीनी-झीनी।

नदी ताल, साखी दोहों से, बीजक झरने,
दसों दिशाएँ घाटों आईं पानी भरने।
राधा के बरसाने, कान्हा की तानों से,
सूरदास मौसम ने बीनी
हरी चदरिया झीनी-झीनी।
          भगत निगोड़ा जात न पूछे, पाँत न पूछे,
          धरम हमारे हमसे यह बरसात न पूछे!
          सावन दिन सरसाने, भादों अरमानों से,
          रितु रैदास समय ने बीनी
          हरी चदरिया झीनी-झीनी।

मौसम को मौसम के जैसे ले न सके हम,
बाहों भर आभार नेह को दे न सके हम!
ये कोरट वो थाने, रपटें परवानों से
नागर बटमारों ने छीनी, फटी चदरिया बदरँग झीनी।
पुरवाई के ताने पछुआ के बानों से,
          गो कबीर मौसम ने बीनी,
          हरी चदरिया रसरँग भीनी।