भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मुख़बिर हवाएँ / रमेश रंजक

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

साँस छोड़ो
बहुत आहिस्ता
यहाँ मुखबिर हवाएँ डोलती हैं ।

डोलतीं जिस रूप में
जिस रंग में
पहचानना मुश्किल
           सुई में धागा
           पिरोतीं किस तरह
           यह जानना मुश्किल

हर किसी से
जोड़ मत रिश्ता
यहाँ मुखबिर हवाएँ डोलती हैं ।

पेड़-पर्वत कोठियों के
कान भरतीं,
जेब भरती हैं
           एक प्रतिशत
           गन्ध की आलोचना से
           ऐश करती हैं

बोल मत
दो लब्ज़ दानिश्ता
यहाँ मुखबिर हवाएँ डोलती हैं ।