भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अपनी कहो कहानी! / तरुण

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कितनी जुटी हृदय में ज्वाला?
कितना पड़ा आस पर पाला?
धुआँ बनकर, बोलो कितना उड़ा नयन का पानी?
अपनी कहो कहानी!

निज अधरों के बीच, अनकहे-
कितने ज्वालामुखी रह गये?
कितनी साधें कुचलीं-जो जातीं न तनिक पहचानी?
अपनी कहो कहानी!

बोलो, कितनी धूल हृदय की-
झंझाओं में उड़ी प्रणय की?
दृग में शरद्-बदलियों-सी सुधि कितनी शेष पुरानी?
अपनी कहो कहानी!

तारों की छाया में मधुमय-
कहो, क्या हुए नूतन निश्चय?
मन का क्या आधार आजकल? क्या निठुराई ठानी?
अपनी कहो कहानी!

चाँद उग रहा, स्तब्ध गगन है,
चिथड़े-से घन, मन्द पवन है!
ऐसी रजनी में न चाहिए, मन की बात छिपानी!
अपनी कहो कहानी!

1955