भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अपनी परिपाटी / शीलेन्द्र कुमार सिंह चौहान

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


अपनी परिपाटी

वैसे तो हम
सत्य अहिंसा के अनुयायी हैं
पर नागों के दाँत
तोड़ना हमको आता है

युगों युगों से
यही रही है
अपनी परिपाटी
प्राण दिये पर
दिया न दुश्मन को
तिल भर माटी
सदाचार से
अपना बड़ा पुराना नाता है

वक्त पड़ा तो
हँस-हँस खायी
सीने पर गोली
मरते दम तक
मुंह से निकली
जय भारत बोली
दया धर्म के गीत
यहाँ का जन जन गाता है

औरों के दुख को
अपना दुख
हमने जाना है
सबसे बड़ा धर्म
दुनिया का
परहित माना है
शांति दूत भारत को
जग में जाना जाता है