भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आओ, घर लौट चलें / विनोद निगम

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

और नहीं, भीड़ भरा यह सूनापन
आओ, घर लौट चलें, ओ मन !

आमों में डोलने लगी होगी गँध
अरहर के आस-पास ही होंगे छँद

टेसू के दरवाज़े होगा यौवन !

सरसों के पास ही खड़ी होगी
मेड़ों पर, अलसाती हुई बातचीत
बँसवट में, घूमने लगे होंगे गीत

महुओं ने घेर लिया होगा, आँगन !

खेतों में तैरने लगे होंगे दृश्य
गेहूँ के घर ही होगा अब भविष्य

अँगड़ाता होगा खलिहान में सृजन !
आओ घर लौट चलें, ओ मन !