भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आपका कवि / विष्णु नागर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।

भाइयो, बहनो
कवि
इस समय रोटी खा रहा है
और भाइयो, बहनो
आज खाना अच्छा बना है
तो
भाइयो, बहनो
कवि के इस दिन का
यह अच्छा अंत हो रहा है

मगर
भाइयो, बहनो
अब मैं यह कहने नहीं जा रहा
कि यह कवि अब गया काम से
यह कवि
आज खाने से इतना ख़ुश है
कि पान खाने
और सिगरेट पीने की भी सोच रहा है
और बहुत मुमकिन है भाइयो
आज वह कविता भी लिखे

भरोसा रखिये
कवि पर, भाइयो
आज वह अपनी खटिया पर
बच्चे को सुलाने से भी मना नहीं करेगा।