Last modified on 10 जून 2011, at 10:46

ऊँचे दाँतों वाली लड़की / नील कमल

ऊँचे दाँतों वाली लड़की की नींद में
आता है नीली कमीज़ वाला एक लड़का

और ऊँचे दाँतों वाली लड़की
पंखुरी बन जाती है
महकती है, जंगली फूल की तरह

इस तरह नींद में
नीली कमीज़ का एक रिश्ता
बनता है ऊँचे दाँतों से

वह पाती है
कि उसके सबसे गर्म रिश्ते का
रंग नीला है

वह लड़की आसमान से करती है अनुरोध
कि दुनिया की हर नीली चीज़ को
वह अपने दाँतों में दबा सकती है ।