भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक भारत श्रेष्ठ भारत / विकास पाण्डेय

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

एक भारत, श्रेष्ठ भारत
ज्ञान सिंधु, विवेक भारत।
विश्व के मानस-पटल पर
है सुनहरा लेख भारत।

अनेकता में एकता का
दीप निशदिन जल रहा।
विशिष्ट शक्ति, संपदा का
स्वर्ण-पक्षी पल रहा।
चिर सनातन का से
समृद्धि का अतिरेक भारत।
विश्व के मानस-पटल पर
है सुनहरा लेख भारत।

भगत का, आज़ाद का,
सुभाष चंद्र बोस का।
'लाल' 'बाल' औ पाल' का
स्वराज्य के उद्घोष का।
स्वतंत्रता कि राह में है
क्रांति का अभिषेक भारत।
विश्व के मानस-पटल पर
है सुनहरा लेख भारत।

गीता की, गुरुग्रंथ की,
वेद और पुराण की।
बुद्ध की, महावीर की,
अवेस्ता और कुरान की।
हर धर्म की सुरभित पवन
पावन बना परिवेश भारत।
विश्व के मानस-पटल पर
है सुनहरा लेख भारत।

गांधी का सत्याग्रह,
अंबेडकर की कीर्तियाँ।
कलाम और गफ़्फ़ार की
समभाव वाली नीतियाँ।
महानतम विभूतियों का
विश्व में उल्लेख भारत।
विश्व के मानस-पटल पर
है सुनहरा लेख भारत।

राज्य का और क्षेत्र का
जो भूल कर विभेद हम,
भाषा और प्रदेश का
करें नहीं जो भेद हम।
पुनः विश्व गुरु बनेगा
श्रेष्ठ-निर्मल-नेक भारत।
विश्व के मानस-पटल पर
है सुनहरा लेख भारत।

एक भारत, श्रेष्ठ भारत
ज्ञान सिंधु, विवेक भारत।
विश्व के मानस-पटल पर
है सुनहरा लेख भारत।