भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक लड़का / इब्ने इंशा

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

एक छोटा-सा लड़का था मैं जिन दिनों
एक मेले में पंहुचा हुमकता हुआ
जी मचलता था एक-एक शै पर मगर
जेब खाली थी कुछ मोल ले न सका
लौट आया लिए हसरतें सैकड़ों
एक छोटा-सा लड़का था मै जिन दिनों

खै़र महरूमियों के वो दिन तो गए
आज मेला लगा है इसी शान से
आज चाहूँ तो इक-इक दुकां मोल लूँ
आज चाहूँ तो सारा जहां मोल लूँ
नारसाई का जी में धड़का कहां?
पर वो छोटा-सा अल्हड़-सा लड़का कहाँ?

नारसाई=असमर्थता