भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक शूल / रामस्वरूप 'सिन्दूर'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

एक शूल
और चुभा पाँव में!

मंजिल है पास, बहुत दूर नहीं,
तन भी तो बहुत चूर-चूर नहीं,
फूलों से निकलेंगे कांटे, उस गाँव में!
एक शूल
और चुभा पाँव में!

रुकने से कसकन बढ़ जायेगी,
खोई गति हाथ नहीं आयेगी,
चले-चलो बादल की चलती इस छांव में!
एक शूल
और चुभा पाँव में!

थोड़ा पथ चलना, फिर पानी है,
नदी खूब जानी-पहचानी है,
हारा सब जीतोगे, अंतिम इस दाँव में!
एक शूल
और चुभा पाँव में!