Last modified on 3 जून 2022, at 12:08

किससे कोई बात करे / शशि पाधा

अपनी ढपली, अपने गीत
 न कोई साथी ,न कोई मीत
   किससे कोई बात करे ?

अधिकारों की हुई नीलामी
छीना झपटी खेल रचा
झाँसे में आ गई ग़रीबी
न छप्पर न खेत बचा

 भक्षण–भाषण खूब हुआ
 टूटी न शोषण की रीत
   किससे कोई बात करे ?

जात धर्म की लेकर आढ़
हिंसा तांडव करती देखी
गूँगी-बहरी खड़ी सियासत
वादों का दम भरती देखी |

आहत-खंडित हुई लेखनी
कोई लिखे न मरहम गीत
  किसकी कोई बात करे |

अखबारों में भरी सुर्खियाँ
दुष्कर्मों का ज़ोर हुआ
खबर नवीसी भागे फिरते
जनता में कुछ शोर हुआ
 
बहस तर्क की लम्बी दौड़ें
अपराधों में उत्सव–जीत
 छोड़ो, किसकी बात करें |