भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

खिलते हैं जब फूल / सुरेश विमल

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

खिलते हैं जब फूल
समूची दुनिया हंसती है।

हंसता उपवन हंसता माली
हंसते पेड़ लताएँ
हंसता हंसता पवन अंजुरी
भर-भर गंध लुटाए।

ओढ़ चुनरिया रंगों की
धरती माँ सजती है।

खिली पंखुड़ी चूम-चूम कर
नटखट तितली नाचे
रह-रहकर मंडराता भौंरा
रस की पोथी बांचे।

मधुमक्खी के भन-भन भन
ठुमरी-सी लगती है।