भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

झीना आलोक / रमेश रंजक

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

झूल रही
भोर की किरन
फुनगी पर शीशफूल-सी
                  खिसक गई
                  पीन वक्ष से
विरल यामिनी दुकूल-सी ।

प्रतिबिम्बित झना आलोक
चाँदी की सीढ़ियाँ उतर
फैल गया बन्द झील में
कंधों पर काँवर धर कर
जड़ता की
अर्गला खुली
काँप गई देह कूल-सी ।

छन-छन कर छन्द डाल से
अपनापन घोलने लगे
पर्वत के स्वर्ण हाशिए
बिन बानी बोलने लगे

                  मंदिर के
             पाँव पर गिरी
पंकिल छाया बबूल-सी ।