भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

नकली शेर / सोहनलाल द्विवेदी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सुनो गधे की एक कहानी,
उसने की कैसी शैतानी।
जब होती थी रात घनेरी,
तब करता था वह नित फेरी।

चुपके चुपके बाहर जाता,
खेतों से गेहूँ खा आता।
गेहूँ खा-खा मस्ती छाई,
तब क्या उसके मन में आई।

अब आगे की सुनो कहानी,
देखो, औंघाओ मत रानी।

खाल बाघ की उसने पाई,
उसने सूरत अजब बनाई
पहनी उसने खाल बदन में,
चला खेत चरने फिर बन में।

खाल पहन ली ऐसे वैसे,
गदहा बाघ बना हो जैसे।
फिर खुश होकर सीना ताने,
दिन में चला खेत को खाने!

डरे किसान देख कर सारे,
भागे झटपट बिना विचारेे।
तब कुछ गरहे बोले ही ज्यों,
यह भी बोला चीपों चीपों!

खुली बाघ की कलई सारी,
तब तो शामत छाई भारी।
डंडे लगे धड़ाधड़ पड़ने,
लगे गधे के पैर उखड़ने।

भगा वहाँ से यह बेचारा,
सभी तरफ से हिम्मत हारा।
गिरते पड़ते घर को धाया,
मरते मरते प्राण बचाया।