भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पहली बार / कुमार कृष्ण

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पृथ्वी पर मनुष्य को
जब पहली बार मिले होंगे
रोटी के बीज, कपड़े के फूल
तब उसे कैसा लगा होगा
जब पहली बार मिली होगी उसे आग
तब कैसा लगा होगा!
जब पहली बार बनाया होगा उसने छोटा-सा घर
जब चाहा होगा उसने किसी को पहली बार
स्त्री की कोख से जन्म लिया होगा
किसी बच्चे ने जब पहली बार
तब उसे कैसा लगा होगा!
जब पहली बार मनुष्य बना होगा
बनिया, किसान और राजा
इस पृथ्वी पर जब पहली बार हुआ होगा युद्ध
तब उसने एक बार सोचा होगा-
क्यों किया उसने आग का आविष्कार
क्यों बनाया घर
क्यों किया पृथ्वी की हर चीज से प्यार।