भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पुस्तक / कविता भट्ट

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

 
मात्र एक देह नहीं,
अनंत ब्रह्मांडीय ऊर्जा युक्त
प्राण है - पुस्तक।
ब्रह्म, चेतना अथवा
आत्मा है - पुस्तक
जो अभिव्यक्त करती है
शब्द- सृष्टि के द्वारा
ब्रह्म के विराट स्वरूप को।
देह में अंतर्निहित होते हैं -
पंच महाभूत -
अग्नि, जल, पृथ्वी, आकाश और वायु
किंतु सोचो, यदि ना हो
पंच तन्मात्र - रूप, रस, गंध, शब्द और स्पर्श
तो महाभूत का क्या अस्तित्व?
पुस्तक में उल्लिखित अक्षर
और अक्षरों से निर्मित शब्द
ब्रह्म अर्थात् परम चेतना हैं।
प्राणवान - आत्म प्रतिष्ठित पुस्तक
ब्रह्म और सृष्टि - दोनों ही है।
व्यक्ति पर निर्भर है कि
वह इसे देह मानता है
अथवा चेतना - ब्रह्म - आत्मा

23-04-2022