भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्रिया को दे वियोग परिताप, / गुलाब खंडेलवाल

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


प्रिया को दे वियोग परिताप,
कैसे मन माना कि कभी आये न पलटकर आप!
 
एक क्रौंच खग का सुन क्रंदन
लिखी आदि कवि ने रामायण
कैसे सहा किये पत्थर बन
                   कवि निज प्रिया-विलाप!
 
राम-वियोग-विकल वैदेही
गयी आपको रुला भले ही
पर रत्ना की सुधि आते ही
                      हाथ गये क्यों काँप!
 
जग को तो दे रहे अमृत, पर
पत्नी तड़पा की विष पाकर
राम-मन्त्र दे उसने कविवर
                      किया कौन-सा पाप!

प्रिया को दे वियोग परिताप,
कैसे मन माना कि कभी आये न पलटकर आप!