भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

फागुन गाता है / रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


अँधियारी अलकों का सावन
मन भरमाता है।
कुलाँचें भरता विरही मेघा-
भी शरमाता है।

इनकी सौंधी वास न जाने
क्या-क्या टोना कर देती हैं।
हाथ बढ़ाकर छू न पाऊँ,
इतना बौना कर देती हैं।
घुँघराली चन्दन-छाया में
तन खो जाता है।

मुखड़े के इस खिले चाँद को
चुपके चूम-चूम लेतीं
अधरों पर इतरा-इतराकर
खुशबू के उपवन बो देतीं।
बँधा लाज से अल्हड़ यौवन
फागुन गाता है।
(15-7-1978: अरुण-मुरादाबाद 1982)
-0-