भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मंगल वर्षा / भवानीप्रसाद मिश्र

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पीके फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।
हरियाली छा गई, हमारे सावन सरसा री ।।

बादल छाए आसमान में, धरती फूली री ।
भरी सुहागन, आज माँग में भूली - भूली री ।।
बिजली चमकी भाग सरीखी, दादुर बोले री ।
अन्ध प्रान- सी बही, उड़े पंछी अनमोले री ।।
छिन - छिन उठी हिलोर, मगन मन पागल दरसा री ।
पी के फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।।

फिसली सी पगडण्डी, खिसकी आँख सजीली री ।
इन्द्रधनुष रंग - रंगी, आज मैं सहज रंगीली री ।।
रुन झुन बिछिया आज, हिला डुल मेरी बेनी री ।
ऊँचें - ऊँचे पेंग, हिण्डोला सरग - नसेनी री ।।
और सखी, सुन मोर ! विजन वन दीखे घर सा री ।
पी के फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।।

फुर - फुर उड़ी फुहार, अलक दल मोती छाए री ।
खड़ी खेत के बीच, किसानिन कजली गाए री ।।
झर - झर झरना झरे, आज मन प्रान सिहाए री ।
कौन जनम के पुन्न कि ऐसे शुभ दिन आए री ।।
रात सुहागिन गात, मुदित मन साजन परसा री ।
पी के फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।।