भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मन होता है पारा / रामानन्द दोषी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मन होता है पारा
ऐसे देखा नहीं करो !

जाने क्या से क्या कर डाला उलट-पुलट मौसम
कभी घाव ज़्यादा दुखता है और कभी मरहम
जहाँ-जहाँ ज़्यादा दुखता है
छूकर वहीं दुबारा
ऐसे देखा नहीं करो !
मन होता है पारा !

कौन बचाकर आँख सुबह की नींद उतार गया
बूढ़े सूरज को पीछे से सीटी मार गया
शक हम पर पहले से था
तुम करके और इशारा
ऐसे देखा नहीं करो !
मन होता है पारा !

होना-जाना क्या है, जैसे कल था, वैसा कल
मेरे सन्नाटे में बस ख़ामोशी की हलचल
अँधियारे की नेमप्लेट पर
लिखकर तुम उजियारा
ऐसे देखा नहीं करो !
मन होता है पारा !

ऐसे देखा नहीं करो
मन होता है पारा !!