भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मेरी आहें / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।


मेरी आहें, मेरी आहें !

इनमें ज्वाला जलती अविरल,
इनमें तूफ़ानों-सी हलचल,
ये विप्लव करने को चंचल,
मेरी आहें, मेरी आहें !

इनमें भूचालों-सा कंपन,
हैं विद्रोही दुर्जय भीषण,
ध्वस्त सभी कर देंगी बंधन,
मेरी आहें, मेरी आहें !

पीड़ित जनता की हैं संबल
स्वर्ग बना सकती हैं भूतल,
शस्त्रों-से बढ़ रखती हैं बल,
मेरी आहें, मेरी आहें !

ये आहें हुंकार बनेंगी,
दानवता से आज लड़ेंगी,
‘डरना मत’, हर बार कहेंगी,
मेरी आहें, मेरी आहें !:
1944