भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

रंग : छह कविताएँ-4 (सफ़ेद) / एकांत श्रीवास्तव

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

दुनिया की सबसे पहली स्त्री के
स्‍तनों से बहकर जो अमर हो गया
वही रंग है यह
यों यह आपको काँस और
दूधमोंगरों के फूलों में भी मिल जाएगा

जब‍ स्त्रियों के पास
बचता नहीं कोई दूसरा रंग
वे इसी रंग के सहारे काट देती हैं
अपना सारा जीवन

यह रंग उन बगुलों का भी है
जो नगरों के आसमान से
कभी-कभी तफरीह के लिए आते हैं
और बीट करते हैं गॉंव-बस्तियों के पेड़ों पर

मैं इस रंग से पूछूंगा उस हंस के बारे में
जो मोती चुगता है
और जानता है मानसरोवर का पता

यह रंग जब दीवारों से रूठ जाता है
लगभग निश्चित हो जाती है
उनके गिरने की तारीख

जब टूट चुके तारों के शोक में
घर लौटते हैं हम
हमारे सामने एक साफ़ काग़ज़ में मुस्‍कुराता है यह रंग
हमें आमंत्रित करता हुआ।