भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

लोग उकता गए / आनंद कुमार द्विवेदी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सब्जबागों को अपने मन में सजाये रखिये,
लोग उकता गए, माहौल बनाये रखिये !

सच तो ये है कि खोखले हैं सभी आतिशदां,
रोशनी होगी ही कुछ, दिल को जलाये रखिये !

आज चौराहे पर छाया है, गज़ब सन्नाटा ,
द्रोपदी लुट रही, सर अपना झुकाए रखिये !

आज हर चाँद, हमें दागदार लगता है,
पाप को पाक लिबासों में छिपाए रखिये!

बड़ों कि गन्दगी दौलत में छिप गयी यारों,
वो बड़े हैं, दुआ - सलाम बनाये रखिये !

बच्चियां, घर से निकलने मे सहम जाती हैं,
आप कहते हो, एहतराम बनाये रखिये ??

मत सुनो मत सुनो, ‘आनंद’ की बातें लेकिन,
यारों, इंसान को इंसान बनाये रखिये !!