भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

विदेश में भारत / रेखा राजवंशी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ढूंढती हूँ
अपना भारत
तीजों, त्योहारों में
क्रिसमस की हलचल में
तोहफे, उपहारों में।

ढूंढती हूँ
अपना भारत
होली, दीवाली में
खोजती हूँ भूला सुर
भजन, कव्वाली में।

टांग देती हूँ
बालकनी में
रंग-बिरंगा कंदील
रख देती हूँ पूजा में
बताशे और खील

सजा देती हूँ
दरवाज़े पर
गुजराती बंदनवार
कंगारूओं के देश में
कर लेती हूँ
अपना भारत साकार।