भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

शरद के दो रंग / सुरेश सलिल

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

तोरयी के फूल

हरे हरे पत्तों के बीच सिर उँचाए
सोनबरन तोरयी के फूल

क़ुदरत ने सिरजे हैं शारदीय छौने ये
कैसी तो उठान लिए ऋतु के दिठौने ये

हरित बरन ... हासविलास ...सयननि
देखो तो !

देखो ये हमारे करनफूल !
 

शरद गान

फूले काँस
   उजास सकल बन
हंसा उड़ा अकास
   मगन मन

रजत बरन राजैं सर सरिता
   बीते दिन चौमास मगन मन
ऊपर तारों का चन्दोबा
   भू पर सांस विलास मगन मन

"खंजन नयन तिरीछे सयनि"
   प्रकृति नटी कौ लास सकल बन
कातिक मास सरद झमकावै
   चन्द कि जोति अकास मगन मन