भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सत्य नहीं होता सपना है / बलबीर सिंह 'रंग'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सत्य नहीं होता सपना है।
सपनों में लाखों आते हैं,
जो मन वीणा पर गाते हैं;
पर सोचो,
समझो, पहचानो;
उनमें कौन-कौन अपना है?
सत्य नहीं होता सपना है।

सपनों में अनगिन जग रचते,
पर कितनों की हम सुधि रखते;
फिर भी मोह,
हमें सपनों से;
यह भी तो केवल सपना है?
सत्य नहीं होता सपना है।

जिसका सपना टूट न जाये,
जिसका अपना छूट न जाये;
ऐसा किसे-
हुआ सपना है,
ऐसा मिला किसे अपना है?
सत्य नहीं होता सपना है।