भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सिन्दबाद : तीन / अवतार एनगिल

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

अभी-अभी
सागर की कोख़ से
उगी एक अनाम किरण
उसके माथे की भीतरी कोठरी में
फैल गई है।

क्या कारण है
कि व्यापारी होकर भी
सिंदबाद व्यापारी नहीं ?
आखिर क्यों
हर बार वह
सौदागरों के समूह से
अलग हो जाता है ?
मगर क्यों फिर
यात्राओं की लम्बी यातनाओं के बाद भी
नियति उसे,उसी जहाज़ के
उसी वर्ग से जोड़ जाती है
जिसके गिद्ध
सदैव मांस के लोथड़ों पर झपटते हैं
और मांस के साथ चिपके बेशकीमती हीरे
अजगरों की घाटी की घुटन से निकलकर
एक बार फिर
तिजोरियों के अंधेरों में
छिप जाने के लिए अपनी असफल यात्रा शुरू करते हैं।